जिले के प्रभारी और उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को रावण कहा है। उन्होंने कहा कि शिवराज रावण हैं और वे रावण जैसे ही कृत्य भी कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर लांछन लगाते हुए खरीद-फरोख्त करने का कृत्य करना चाहा, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट हैं और एकजुट रहेंगे। भाजपा को अपने इस कृत्य का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। आज नहीं तो कल उन्हें इस कृत्य की सजा मिलेगी और हर हाल में मिलेगी।
मंत्री पटवारी शनिवार सुबह बिरगोद गांव की पहाड़ी पर ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से घायल हुए लोगों से मिलने जिला चिकित्सालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने भाजपा द्वारा कांग्रेस के विधायकों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी लोग कांग्रेस के साथ ही खड़े हैं। वाे लाेग जाे लाेकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं, वे इस पूरे मामले में नाकाम हुए हैं। 15 साल का भ्रष्टाचार और अकूत संपति उनके पेट में समा नहीं रही है, इसलिए वे उसका दुरुपयाेग करने की काेशिश कर रहे हैं। हमारा एक-एक जनप्रतिनिधि सकारात्मक और सेवाभाव की राजनीति करता है। यह प्रदेश की पहली ऐसी घटना है, जिसने मप्र और यहां के लाेकतंत्र काे कलंकित किया है।
शिवराज मुख्यमंत्री रहते राम की भाषा बोले, अब रावण का कृत्य कर रहे
उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चाैहान और उनका पूरा मंत्रिमंडल इस घटनाक्रम में लगा था। शिवराज काे जब इस प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री बनाया, तब वे राम की भाषा बाेलने लगे। जब से मुख्यमंत्री पद से हटे हैं रावण की भाषा बाेलने लगे हैं। वे रावण जैसे कृत्य कर रहे हैं। मैं मानता हूं कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि देगा। हमारी सरकार का मकसद प्रदेश काे समृद्धि बनाना, किसानाें की मदद करना और प्रदेश काे हर प्रकार से देश में नंबर वन बनाना है। मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल इस काम में लगा है। भाजपा ने जाे यह गलती की है, उसकी सजा उन्हें मिलेगी। हर हाल में मिलेगी और सही समय में मिलेगी।
पटवारी ने अस्पताल स्टाफ को लगाई फटकार
सुबह शाजापुर जिले के बिरगोद गांव की पहाड़ी पर बारात से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पटवारी शाजापुर घायलों से मिलने चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता दिलवाने की बात कहते हुए सभी का उचित उपचार करवाने का आश्वासन भी दिया। एक ही पलंग पर 2 मरीजों को देख कर मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को फटकारते हुए तत्काल दूसरे बेड की व्यवस्था करने को कहा।